Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News

गुलशन-ए-मुख्तार के बैनर तले सजा अजीमुश्शान मुशायरा, शायरों के कलाम पर देर रात तक गूंजती रही वाह-वाह। तिलहर (शाहजहांपुर)। नगर के मोहल्ला नजरपुर में गुलशन-ए-मुख्तार के बैनर तले एक अजीमुश्शान मुशायरे का आयोजन किया गया। मुशायरे में स्थानीय शायरों के साथ बरेली, बदायूं और शाहजहांपुर सहित विभिन्न जनपदों से आए नामचीन शायरों ने शिरकत की। शायरों ने अपने बेहतरीन कलाम से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। हर उम्दा शेर पर महफिल वाह-वाह और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी। मुशायरे की सदारत शाहजहांपुर से तशरीफ लाए उस्ताद शायर हसीब चमन ने की। कार्यक्रम के कन्वीनर सलीम खान उर्फ बब्बू रहे, जबकि ऑर्गनाइजर की जिम्मेदारी डॉक्टर ओवैस खान शिफा ने निभाई। मुशायरे की निजामत इब्ने हसन तिलहरी ने अपने दिलकश और शायराना अंदाज में की। मुशायरे का आगाज शायरों के शानदार कलाम के साथ हुआ। बरेली से तशरीफ लाए निर्दोष कुमार ‘विन’ ने मोहब्बत के एहसास को कुछ यूं बयां किया— प्रेम के बीज को दिल में बो जाइए। कुछ समय के लिए मेरे हो जाइए।। आपकी बज़्म में मैं मुख़ातिब हुआ, आप भी रू-ब-रू मेरे हो जाइए।। नौजवान शायर डॉ. बृज भूषण बरेलवी ने मौजूदा सामाजिक परिस्थितियों पर अपनी बात रखते हुए कहा— मां बाप परेशान हैं औलाद से अपनी, वो भी हैं परेशान जिन्हें औलाद नहीं है। रिज़वान फ़रीदी बरेलवी ने अपने तल्ख और तंजिया अंदाज से खूब दाद बटोरी। उन्होंने कहा— सिला मिलता है तलवे चाटने का, जो पौवे थे वो बोतल हो गए हैं। ज़ीशान नोमानी बदायूं ने रिश्तों की बदलती हकीकत को अपने शेर में कुछ इस तरह पेश किया— जिन्हें मैं जान कहता था वो दुश्मन जान के निकले, जो दुश्मन जान के निकले मिरी पहचान के निकले। डॉ. ओवैस खान शिफा ने नौजवानों के सपनों और हौसलों को शेर में पिरोते हुए कहा— बहुत हसीन हैं दिन दोस्तों जवानी के, बनेंगे हम भी कलेक्टर किसी कहानी के। असग़र यासिर ने अपने कलाम से महफिल में खूब वाह-वाही हासिल की— पराए तो पराए हैं मगर कुछ ख़ास अपनों से, मिरी परवाज़ मेरा हौसला देखा नहीं जाता। गुलिस्तां खान एडवोकेट ने कहा— यह जानते नहीं, अच्छा, बुरा, सवाब, गुनाह, जो तूने कह दिया तेरे ग़ुलाम करने लगे। ज़हरा हीर ने अपने दिलकश अंदाज में इश्क और दीवानगी का खूबसूरत रंग बिखेरा— कहो क्या ‘हीर’ दीवानी हुई है, कि दीवाना ज़माना हो गया है। वाजिद हुसैन वाजिद ने अपने सूफियाना अंदाज में कहा— कम नज़र हैं वह जिन्हें तू नज़र आता हो! ज़र्रे-ज़र्रे में यहां तेरी ज़िया शामिल है! अकरम तिलहरी ने जिंदगी की मशक्कत और इंसानी रवैये पर तंज करते हुए कहा— जिस हाथ से अकरम मुझे करनी थी मशक़्क़त, वो हाथ नजूमी को दिखाने में लगा हूं। फैसल फ़ैज़ ने जिंदगी के मकसद की अहमियत को बयां करते हुए कहा— आबे हयात पी लो पीने में कुछ नहीं है, मकसद बगैर लेकिन जीने में कुछ नहीं है। अर्शीयान अर्श ने मौजूदा हालात पर तंज करते हुए कहा— अब तो हमारी भाई से नज़रें नहीं मिलती! बांटे न गर ज़मीं तो लड़ाई का वक्त है! मुशायरे की सदारत कर रहे उस्ताद शायर हसीब चमन ने इंसानियत और सोशल मीडिया पर बढ़ती दिखावे की मानसिकता पर करारा तंज किया। उन्होंने कहा— है कहां हमदर्दियों से वास्ता इंसान का! कोई मरता है मरे पर वीडियो अच्छा बने! अजय अवस्थी अनुरागी ने पुरानी तहजीब और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की परंपरा को याद करते हुए कहा— गली चलते बुजुर्गों से वो दिनभर बंदगी करना, दुआ में उठते हाथों को चलो फिर ढूंढ लाते हैं। मुशायरे के संचालक इब्ने हसन तिलहरी ने भी अपने कलाम से श्रोताओं को प्रभावित किया। उन्होंने अदब, सम्मान और इंसानी व्यवहार का संदेश देते हुए कहा— इज्जत अगर है चाहिए तो गौर से सुनो, इज्जत तभी मिलेगी जब इज्जत करेंगे हम। इस मौके पर साजिद अली खान, पूर्व डायरेक्टर ऑफ चीनी मिल, विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके अलावा अभिनेता अनवर नफीस, अभिनेता लाल बाबू और यावर खान ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। सभी मेहमानों ने पूरी महफिल का लुत्फ उठाया और शायरों के उम्दा कलाम पर जमकर दाद देकर उनका हौसला बढ़ाया। देर रात तक चले इस शानदार मुशायरे में श्रोताओं की मौजूदगी और उत्साह देखते ही बन रहा था। हर शायर को उसके बेहतरीन कलाम पर भरपूर सराहना मिली। कार्यक्रम के समापन पर कन्वीनर सलीम खान उर्फ बब्बू और ऑर्गनाइजर डॉ. ओवैस खान शिफा ने सभी शायरों, अतिथियों, सहयोगियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुशायरे को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा किया। इस तरह अदब, मोहब्बत, भाईचारे और शायरी के खूबसूरत संगम के साथ यह यादगार मुशायरा संपन्न हुआ।

error: Content is protected !!