
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने जारी किया आदेश, अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश
CRS NEWS रायबरेली। जिले के राजस्व प्रशासन में शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने शासकीय कार्यहित एवं जनहित में 10 तहसीलदार एवं नवप्रोन्नत तहसीदारों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। आदेश के बाद जिले की विभिन्न तहसीलों में राजस्व व्यवस्था की जिम्मेदारी में बदलाव हुआ है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश के तहत सुनील कुमार को तहसीलदार ऊंचाहार, यशवंत सिंह को तहसीलदार डलमऊ तथा पवन कुमार यादव को तहसीलदार लालगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रदीप कुमार निगम को तहसीलदार न्यायिक लालगंज के पद पर तैनात किया गया है।
इसी क्रम में शालिनी तिवारी को तहसीलदार महराजगंज और अवनीश कुमार को तहसीलदार सलोन बनाया गया है। मंजुला मिश्रा को तहसीलदार न्यायिक सदर, आकांक्षा दीक्षित को तहसीलदार न्यायिक सलोन, दीपिका सिंह को तहसीलदार न्यायिक महराजगंज तथा प्रज्ञा द्विवेदी को तहसीलदार न्यायिक डलमऊ की जिम्मेदारी दी गई है।
तहसीलों में बदले जिम्मेदार अधिकारी
प्रशासनिक फेरबदल के बाद जिले की कई तहसीलों में राजस्व एवं न्यायिक कार्यों के लिए नए अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। तहसीलदारों के स्तर पर हुए इस बदलाव का असर राजस्व मामलों, भूमि संबंधी विवादों, दाखिल-खारिज, प्रमाणपत्रों तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के निस्तारण पर भी पड़ सकता है।
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को बिना अनावश्यक विलंब के अपने नए तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है। प्रशासन की ओर से इस फेरबदल को शासकीय कार्यों के सुचारु संचालन और जनहित से जुड़े मामलों के प्रभावी निस्तारण की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
डीएम के आदेश के बाद अब नई तैनाती वाले अधिकारी संबंधित तहसीलों में कार्यभार ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही रायबरेली के राजस्व प्रशासन में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।







