
CRS NEWS रायबरेली : रायबरेली। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस दौरान यातायात निरीक्षक सहित कुल 43 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रभारी निरीक्षक यातायात विनय कुमार तिवारी, एसएसआई गदागंज मोहम्मद मुकरिम, मुंशीगंज चौकी प्रभारी अनुज कुमार, गेगासो चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, किला बाजार चौकी प्रभारी विशाल कुमार, महराजगंज में तैनात दिनेश गोस्वामी तथा बछरावां में तैनात अशरफ अली को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मुंशीगंज चौकी प्रभारी अनुज कुमार पर रुपये लेने का आरोप लगा था, जिसकी जांच अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान ही उन्हें लाइन हाजिर किए जाने की कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा सूची चौकी प्रभारी स्वदेश कुमार का गैर जनपद तबादला होने के कारण उन्हें भी लाइन भेज दिया गया है। वहीं जिले के विभिन्न थानों में तैनात 18 अन्य उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। साथ ही दो मुख्य आरक्षियों और पांच आरक्षियों के दायित्वों में भी परिवर्तन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस व्यापक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था में सुधार और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










