
CRS NEWS रायबरेली। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले मिठाई की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर में जांच के दौरान करीब 900 किलोग्राम छेना से बनी मिठाइयां सीज किए जाने से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि प्रमोद स्वीट्स में छेना से तैयार रसगुल्लों को पेंट जैसी दिखाई देने वाली प्लास्टिक की बाल्टियों में भरकर रखा गया था। आरोप है कि रक्षाबंधन पर बिक्री के लिए मिठाइयों को कई दिन पहले ही तैयार कर बाल्टियों में बंद कर दिया गया था। इसके बाद इन्हें छोटे दुकानदारों के माध्यम से बाजार में पहुंचाए जाने की तैयारी थी।
छेना से बनी मिठाइयां जल्दी खराब होने वाली खाद्य सामग्री मानी जाती हैं। ऐसे में लंबे समय तक इनके भंडारण को लेकर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बड़ी मात्रा में मिठाई को सीज कर दिया।
त्योहार के दौरान ऐसी मिठाइयां बाजार में पहुंचने पर ग्राहकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। रक्षाबंधन पर बहनें भाइयों के लिए मिठाई खरीदती हैं, ऐसे में खराब या मानकों के विपरीत तैयार मिठाई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद अब मिठाई कारोबारियों में भी हड़कंप है। विभाग की ओर से त्योहार को देखते हुए मिठाई की दुकानों और निर्माण स्थलों पर जांच अभियान जारी रखने की बात कही जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







