
CRS NEWS रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के सेमरी बगिया में गुरुवार को आम के बाग में एक फल विक्रेता युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, इसी बीच बाग में शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर खीरों पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की पहचान मृतक के परिजनों से कराई गई। शव की हालत खराब होने के कारण मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के स्थानों की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस युवक के पिछले दो दिनों के घटनाक्रम और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक बाग तक कैसे पहुंचा।
अचानक शव मिलने की घटना से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, मृतक के परिवार में घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।







