
जिला कारागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारक का लोकार्पण, 359 अमर सेनानियों को दी गई श्रद्धांजलि
रायबरेली। जिला कारागार परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में निर्मित स्मारक का लोकार्पण महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, पी.सी. मीणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
स्मारक पर जनपद रायबरेली के 359 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम अंकित किए गए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। महानिदेशक पी.सी. मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे स्मारक हमारी गौरवशाली विरासत और इतिहास को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक रवि कुमार एवं जेल अधीक्षक प्रभात सिंह ने महानिदेशक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर कारागार विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










