
बक़रीद पर्व को लेकर गदागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई सम्पन्न, शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने की अपील
गदागंज/रायबरेली। गदागंज थाना परिसर में शनिवार को आगामी मुस्लिम पर्व बकरीद को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी डलमऊ सत्येंद्र सिंह एवं क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने की।
बैठक में क्षेत्र के मुस्लिम धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बकरीद पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपजिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए।
वहीं क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं तथा कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे समाज में गलत संदेश जाए या कानून व्यवस्था प्रभावित हो।
थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी जाएगी तथा अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, दरोगा मोहम्मद मुकरिम, दरोगा अजय पटेल, अनिल शर्मा, वीरेंद्र यादव, विवेक सिंह, ग्राम प्रधान ऋषी प्रसाद गौड़, मेराजुल हसन फारुकी, मोहम्मद अकबर प्रधान, मोबीन अंसारी, निजाम अली, सरताज, जावेद, मोहम्मद अकमल अंसारी, मंसूर अली सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










