
24 अगस्त को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां तेज, कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने अधिकारियों संग की समीक्षा
CRS NEWS रायबरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 24 अगस्त को प्रस्तावित रायबरेली दौरे को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने मुख्यमंत्री के दौरे को रायबरेली के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिलेवासियों को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन रायबरेली के विकास के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। किसानों, गरीबों, ग्रामीण क्षेत्रों, शिक्षा संस्थानों के साथ-साथ महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े कार्यों को भी विकास योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।
डीएम-एसपी के साथ तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की स्थिति पर चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन के साथ पार्टी कार्यकर्ता और अन्य साथी भी उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हैं। पूरे जिले में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।
तीन दशक से ऑडिटोरियम की कमी का किया जिक्र
डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने रायबरेली में नए भव्य ऑडिटोरियम को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि रायबरेली लंबे समय से देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता रहा है और इस जिले ने लगातार प्रधानमंत्री दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद करीब तीन दशक तक यहां एक बेहतर ऑडिटोरियम की कमी बनी रही।
उन्होंने कहा कि पुराना ऑडिटोरियम भी समय के साथ इस स्थिति में पहुंच गया था कि उसका उपयोग संभव नहीं रह गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास से रायबरेली को भव्य और बड़ा ऑडिटोरियम मिला है। इससे अब जिले में बड़े सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
विकास के नए दौर की उम्मीद
मंत्री ने कहा कि 24 अगस्त रायबरेली के लिए उत्साह और उपलब्धियों का दिन साबित हो सकता है। मुख्यमंत्री के दौरे से जिले में विकास की नई परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।







