
CRS NEWS मुंबई। गणेशोत्सव के आगमन से पहले मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। गणपति आगमन जुलूस के दौरान करीब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के बलराम मर्चेंट रोड, कबूतरखाना और जय अंबे चौक के पास हुई। प्रतिमा को जुलूस के जरिए पंडाल की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह वहां मौजूद लोगों पर जा गिरी।
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। घायलों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, दमकल विभाग, एंबुलेंस और बीएमसी की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर प्रतिमा के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में प्रतिमा के फ्रेम, नट-बोल्ट या वेल्डिंग में तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गणपति आगमन के दौरान हुए इस हादसे ने बड़े आकार की प्रतिमाओं के परिवहन और जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से अन्य गणेश मंडलों को भी प्रतिमाओं की मजबूती और जुलूस के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत बताई जा रही है।







