
रायबरेली पुलिस का बड़ा खुलासा : अंतर्राज्यीय बच्चा चोरी और बिक्री गिरोह का भंडाफोड़, 4 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार
रायबरेली पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय बच्चा चोरी एवं बिक्री गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 महिलाओं समेत कुल 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत 9 माह के मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त एक कार को भी सीज किया गया है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश निवासी एक महिला ने थाना कोतवाली नगर में अपने 9 माह के बच्चे के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वह दिल्ली से अपने मायके जा रही थी। यात्रा के दौरान ट्रेन में मिले एक महिला और पुरुष ने बच्चे को खिलाने के बहाने गोद में लिया और रायबरेली रेलवे स्टेशन पर मौका पाकर बच्चे को लेकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से गिरोह तक पहुंच बनाई और पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह अस्पतालों तथा आशा बहुओं के माध्यम से निसंतान दंपत्तियों की जानकारी जुटाता था और नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करता था। गिरोह रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर महिलाओं एवं बच्चों को निशाना बनाकर अपहरण की घटनाओं को अंजाम देता था। बाद में बच्चों को लाखों रुपये में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सतर्कता की सराहना की जा रही है।










