राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में रेड क्रॉस सोसाइटी सम्मानित।

शाहजहाँपुर: राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय के रक्तकोष विभाग में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मानव सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ‘इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी’ (शाखा शाहजहाँपुर) को सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से सचिव डॉ. विजय जौहरी ने शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र प्राप्त कर यह सम्मान स्वीकार किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का एक अनूठा माध्यम है। दुर्घटना, प्रसव और आपातकालीन स्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता ही जीवन बचाती है। उन्होंने घोषणा की कि रेड क्रॉस सोसाइटी व्यापार मंडलों, सामाजिक संस्थाओं और युवाओं के सहयोग से जनपद में ब्लड ग्रुप कार्ड अभियान चलाएगी। साथ ही “जन्मदिन पर मां के नाम रक्तदान” संदेश को एक जनअभियान बनाया जाएगा, ताकि लोग अपने विशेष दिनों पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित हो सकें।
डॉ. जौहरी ने कहा, “रक्त का कोई जाति या धर्म नहीं होता, आवश्यकता पड़ने पर यही रक्त किसी भी जरूरतमंद का जीवन बचाता है।” उन्होंने यह सम्मान रेड क्रॉस के सभी स्वयंसेवकों और निस्वार्थ रक्तदाताओं को समर्पित करते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ चिकित्सक और समाजसेवी रहे मौजूद:
समारोह में मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभागाध्यक्ष डॉ. जीतू राज, एमएस डॉ. एन. पी. गंगवार, जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. सरोज कुमार, डॉ. शादाब हुसैन सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा व्यापार मंडल से सचिन बाथम, रोज़ा थर्मल पावर से अवनीश, के. आर. पेपर मिल से शर्मा जी, रोटरी क्लब, लायंस क्लब और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।






