
हरदोई अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना टड़ियावां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को थाना टड़ियावां में आर्थिक एवं भौतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से संगठित रूप से गिरोह बनाकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में पांच लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना टड़ियावां पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी ताहिर पुत्र यूनुस निवासी मोहल्ला खुरमुली, थाना पिहानी, जनपद हरदोई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना टड़ियावां में भारतीय न्याय संहिता की धारा 379/411 के तहत वर्ष 2024 के चार अलग-अलग मुकदमे पंजीकृत हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक व्यास यादव, कांस्टेबल अमित चौधरी तथा कांस्टेबल प्रशांत सिंह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।










