
अलग-अलग स्थानों पर हुई वारदातों से मचा हड़कंप, विद्यालय को भी बनाया निशाना; पुलिस ने शुरू की जांच
CRS NEWS नसीराबाद, रायबरेली। नसीराबाद थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। चोर घरों में सो रहे लोगों को भनक तक नहीं लगने दी और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत कीमती घरेलू सामान लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो घर के कमरों और आलमारियों के ताले व सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। एक ही रात में तीन स्थानों पर चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तीनों स्थानों पर पहुंचकर मौका-मुआयना किया और पीड़ितों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर चोरी का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर सामान चोरी
पहली घटना प्राथमिक विद्यालय हरिरामपुर टिर्रा, मजरे कुंवरमऊ की बताई जा रही है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार निर्मल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर विद्यालय का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और बच्चों के उपयोग में आने वाली सामग्री चोरी कर ले गए।
प्रधानाध्यापक के अनुसार चोर विद्यालय से गिलास, थालियां, बच्चों का वजन मापने की मशीन, बाल्टी, खेल सामग्री समेत अन्य सामान उठा ले गए। उन्होंने बताया कि विद्यालय में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इंदौर से लौटे परिवार को घर में मिली चोरी
दूसरी घटना बरखूदारपुर निवासी अमीर हसन के घर हुई। अमीर हसन के मुताबिक उनका परिवार इंदौर में रह रहा था और जब वह परिवार के साथ अपने गांव स्थित घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी कटी मिली। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार चोर घर में रखा गैस सिलेंडर, बर्तन, पंखा, जेवरात समेत अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर के बाहर खड़ी एक्टिवा स्कूटी संख्या MP09 SR 8075 भी गायब मिली।
अमीर हसन ने चोरी की घटना में गांव के ही एक व्यक्ति और एक रिश्तेदार पर आशंका जताई है। पुलिस मामले में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
छत के रास्ते घर में घुसे चोर, करीब 12 लाख के जेवर-नकदी चोरी का दावा
तीसरी और बड़ी घटना परैया नमस्कार निवासी आशीष कुमार के घर हुई। आशीष के अनुसार रात में परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। उनकी माता रानी रात करीब एक बजे तक टीवी देख रही थीं, जिसके बाद वह भी सो गईं। इसी दौरान रात करीब दो बजे अज्ञात चोर बाउंड्री की तरफ से छत पर पहुंचे और घर के कमरे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए।
चोर घर में रखा एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह परिवार की नींद खुलने पर छत पर खुला बक्सा पड़ा मिला और घर का सामान अस्त-व्यस्त था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
पीड़ित आशीष की मां रानी ने बताया कि चोरी हुए सामान में उनकी चांदी की पायल और गले की जंजीर, बड़ी बहू अंशुइया की सोने की माथ बेंदी, दो मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमकी तथा चांदी के हाथ फूल, दो पायल, हाफ पेटी और पायजेब शामिल हैं। इसके अलावा छोटी बहू रेखा के भी बड़ी बहू के समान कई सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। घर में रखे दो मोबाइल फोन भी चोर ले गए।
पीड़ित परिवार का दावा है कि चोरी हुए नकदी और जेवरात समेत सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है। परिवार के अनुसार चोर घर में रखी कुछ करेंसी छोड़ गए, जबकि अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
लगातार वारदातों से ग्रामीणों में दहशत
एक ही रात में थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और घटनाओं का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी घटनाओं की जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ के साथ ही चोरी के मामलों के खुलासे के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच के बाद ही चोरी गए सामान और नुकसान की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी।







