
CRS NEWS रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के आइमा जहनियां गांव में गुरुवार को झमाझम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार आइमा जहनियां गांव निवासी संदीप पाल मवेशी चराने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच संदीप आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों को हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। संदीप का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर पहुंची ऊंचाहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ा दी है। प्रशासन की ओर से लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की जा रही है।







