
तेज रफ्तार का कहर: झपकी आने से बलेनो कार खाई में गिरी, एक की मौत, छह घायल
रायबरेली। जनपद के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सबीसपुर चौराहे के पास तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से लखनऊ जा रहा एक परिवार बलेनो कार से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान सबीसपुर चौराहे के पास चालक को झपकी आने के कारण कार का नियंत्रण बिगड़ गया। अनियंत्रित कार पहले पुलिया से टकराई और फिर सड़क किनारे पानी से भरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार का शीशा तोड़कर सभी घायलों को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर ऊंचाहार कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।











