जलालाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न DM की अध्यक्षता में हुआ संपन्न, 80 शिकायतों में 3 का मौके पर निस्तारण।


शाहजहांपुर। जलालाबाद तहसील मुख्यालय पर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न ग्रामों एवं नगर क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया। समाधान दिवस के दौरान कुल 80 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित करते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतुष्ट करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, ग्रामीण विकास, नगर निकाय तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण करें तथा तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखें ताकि जनता को त्वरित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराया जा सके।











