
मिशन शक्ति फेस-5 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, सरकारी योजनाओं व साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी
रायबरेली। थाना गदागंज क्षेत्र के ग्राम धीरनपुर में दिनांक 14/05/2026 को मिशन शक्ति फेस-5 द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों 1090, 1076, 108, 102, 112, 181 आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों द्वारा साइबर क्राइम एवं उससे बचाव के उपायों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। महिलाओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, नारी शक्ति बंधन, वृद्धा पेंशन योजना आदि की जानकारी दी गई। महिलाओं को अपनी बच्चियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं संस्कारों पर विशेष ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उ0नि0 मोहम्मद मुकरीम, उ0नि0 अनिल शर्मा, उ0नि0 वीरेंद्र यादव, हे0का0 यशवंत, महिला आरक्षी कल्पना एवं महिला आरक्षी अनामिका उपस्थित रहीं।
ग्रामीण महिलाओं एवं बालिकाओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की तथा पुलिस टीम द्वारा दी गई जानकारियों की सराहना की।










