
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन, ब्लॉक प्रमुख, बीडीओ और थाना प्रभारी ने किया वृहद वृक्षारोपण
गदागंज, रायबरेली। शासन के ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत दीनशाह गौरा विकास खंड क्षेत्र में रविवार को व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान में ब्लॉक प्रमुख सविता मौर्या, खंड विकास अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी तथा थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विकास खंड की जलालपुर धई, गोविंदपुर माधव, हमीरमऊ, प्रयागपुर चरुहार, बीक, गदागंज, किशोरी, बालमपुर, अलीपुर, चकराई सहित सभी ग्राम सभाओं में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खंड विकास अधिकारी प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि विकास खंड क्षेत्र में कुल 96 हजार पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे जनसहभागिता के माध्यम से पूरा किया जाएगा।
इसी क्रम में गदागंज थाना परिसर में थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने पुलिस कर्मियों के साथ 380 पौधों का रोपण किया। इस दौरान आम, अमरूद, नींबू, आंवला सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रधान संघ अध्यक्ष ऋषी प्रसाद, एडीओ कोऑपरेटिव आमोद आनंद, एडीओ पंचायत अंकित मिश्रा, ग्राम विकास अधिकारी आलोक वर्मा, अनुराग यादव, संजय शुक्ला, शिवनारायण मौर्य, प्रधान प्रतिनिधि कमलेश बहादुर सिंह ‘फौजी’, हरिकेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।











