
मिशन शक्ति अभियान के तहत गदागंज पुलिस ने बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं को किया जागरूक
रायबरेली। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई चंदई चरुहार गांव में गदागंज पुलिस द्वारा बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया, जिन्हें महिला सुरक्षा, कानून संबंधी अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सम्मेलन के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से अपील की कि गांव में होने वाली किसी भी छोटी-बड़ी घटना, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। साथ ही महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या अन्य समस्याओं की शिकायत सरकारी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
गदागंज पुलिस टीम ने क्षेत्र के कई गांवों में पहुंचकर लोगों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी तथा अपराध की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर थाना प्रभारी दयानंद तिवारी ने कहा कि गदागंज पुलिस आमजन, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना मिलने के बाद 15 मिनट के अंदर गदागंज पुलिस मौके पर पहुंचने का प्रयास करेगी तथा महिलाओं की हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक मुरारी यादव, महिला कांस्टेबल कल्पना, नीलम, गीता सहित पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।











