oppo_1056
हरदोई। पिहानी थाना क्षेत्र के अकेला पुरवा गांव (राभा) में आवारा सांड के हमले से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रवि शंकर पुत्र श्रीकृष्ण के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि मंगलवार को अपने खेत की तरफ गया था। इसी दौरान अचानक एक आवारा सांड ने उस पर हमला कर दिया। सांड के सींगों से रवि गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसे बचाया न जा सका।
रवि अपने चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पीछे पत्नी और 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं। सबसे बड़े बेटे की उम्र सिर्फ 6 साल है, जबकि दो बच्चे उससे भी छोटे हैं। घर का एकमात्र कमाने वाला रवि चला गया तो अब परिवार बेसहारा हो गया है। घर वालों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों को अभी तक समझ ही नहीं आ रहा कि उनके पिता अब नहीं रहे।
गांव वालों ने बताया कि रवि बहुत मेहनती था। कृषि और मजदूरी करके ही वह अपने 3 बच्चों और घर वालों का पेट पालता था। उसकी मौत से पूरा परिवार आर्थिक संकट में फंस गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं की समस्या पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने मांग की है कि गांव और खेतों के आसपास घूम रहे आवारा पशुओं को तुरंत पकड़कर गौशाला भेजा जाए, ताकि भविष्य में किसी और घर का चिराग न बुझे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिहानी पुलिस का कहना है कि आवारा पशुओं की समस्या को लेकर संबंधित विभाग को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही मृतक के परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।










