
CRS NEWS रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र में शनिवार को कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर थाना क्षेत्र के परानीपुर गांव निवासी प्रदीप पटेल (पुत्र बैजनाथ) मोटरसाइकिल से परशदेपुर के मटियारा चौराहे से अपने गांव की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह डीह थाना क्षेत्र में राइस मिल के पास पहुंचे ही थे कि सामने से साकेतनगर की ओर से आ रही एक कार से उनकी मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रदीप सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय साकेतनगर की ओर से एक ट्रैक्टर भी गुजर रहा था। ट्रैक्टर पर लदी लकड़ियों पर भी खून के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवक की मौत कार से हुई टक्कर के कारण हुई है।
चौकी प्रभारी मोहित शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार और मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।







