
रमन का पुरवा और ताड़बाग समेत कई इलाकों में थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को दी कड़ी चेतावनी
CRS NEWS प्रयागराज। शहर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने पुलिस टीम के साथ रमन का पुरवा, ताड़बाग समेत आसपास के कई इलाकों का निरीक्षण किया। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने उन स्थानों और क्षेत्रों की जानकारी जुटाई, जहां पूर्व में स्मैक की तस्करी या बिक्री से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। थाना प्रभारी ने पूर्व में स्मैक तस्करी के मामलों में पकड़े गए आरोपियों के घरों पर पहुंचकर भी आवश्यक जानकारी ली। पुलिस ने संबंधित लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र में दोबारा नशीले पदार्थों की बिक्री, खरीद या तस्करी की गतिविधि सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, नशे के कारोबार पर प्रभावी रोकथाम के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही ऐसे लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिनकी गतिविधियां नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी होने की आशंका है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में स्मैक या अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे इलाकों में पुलिस की निगरानी और गश्त लगातार जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में भी नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगने की उम्मीद जगी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी अभियान को जारी रखते हुए नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







