
CRS NEWS रायबरेली : गदागंज क्षेत्र के वीर शहीद पं. अमोल शर्मा सहित अन्य शहीदों की स्मृति को नमन करने के उद्देश्य से बुधवार को गदागंज से मुंशीगंज स्थित शहीद स्मारक तक एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर शहीदों के प्रति अपनी भावनात्मक श्रद्धांजलि अर्पित की।
कलश यात्रा के अंतर्गत श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर शहीद पं. अमोल शर्मा के पैतृक गांव भगवंतपुर चांदनिहा पहुंचकर विधिवत कलश स्थापना की। इसके पश्चात यात्रा गदागंज थाना परिसर स्थित मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीदों के बलिदान को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के अगले चरण में डलमऊ उपजिलाधिकारी द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर मुंशीगंज शहीद स्मारक के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान देशभक्ति के जयघोषों से क्षेत्र का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।
इस अवसर पर डलमऊ एसडीएम सतेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी गौरा अशोक सचान, थाना प्रभारी गदागंज दयानंद तिवारी, मेजर हरीश चंद्र सिंह मास्टर, व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह, मनीष सिंह, अर्पित, समर बहादुर सिंह , सोनू सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे










