जन्म प्रमाण पत्र मामले में अ० फ० म० एसोसिएशन के अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से की SDM की शिकायत!
शाहजहांपुर-अरबी फारसी मदारिस एसोसिएशन के अध्यक्ष इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर तहसील तिलहर के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) द्वारा जन्म प्रमाण पत्र जारी न किए जाने को लेकर शिकायत दर्ज कराई है! जिलाधिकारी को उन्होंने बताया कि मदरसा/विद्यालय से कक्षा 5 अथवा कक्षा 8 उत्तीर्ण कर चुके अनेक बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है!
अध्यक्ष श्री हुसैन ने लिखित शिकायती पत्र में भी कहा कि कक्षा 5 व 8 की उत्तीर्णता से संबंधित विद्यालय/मदरसा अभिलेख सरकारी नियमों के अनुसार जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के लिए मान्य दस्तावेज हैं,इसके बावजूद तिलहर तहसील में आवेदन करने पर बच्चों के प्रमाण पत्र लंबित रखे जा रहे हैं या उन्हें निरस्त किया जा रहा है! इससे बच्चों के शैक्षिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, क्योंकि जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में वे आगे की पढ़ाई, छात्रवृत्ति, प्रवेश, आधार व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं!
इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां ने जिलाधिकारी से मांग की कि संबंधित SDM को निर्देशित कर नियमानुसार पात्र बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र शीघ्र जारी कराए जाएं, ताकि अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सके! उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकरण में अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता हो तो स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे आम जनता को भटकना न पड़े!
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि नियमों के अनुसार पात्र बच्चों के प्रमाण पत्र जारी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे! उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं प्रक्रिया में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया गया तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी!










