
हरदोई की कोतवाली लोनार क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। तफ्तीश में चौंकाने वाला सच सामने आया है कि मासूम का कातिल कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका अपना ही चचेरा चाचा निकला। पुलिस ने आरोपी रिजबी यादव को गिरफ्तार कर गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रिजवी यादव दिल्ली में रहकर नौकरी करता है और दीपावली से पहले अपने घर आया था। बीती 13 नवंबर की दोपहर बच्ची घर के बाहर प्राथमिक विद्यालय के पास खेल रही थी, तभी आरोपी उसे खिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ खेतों की ओर ले गया।गांव से करीब 500 दूर एक बाग की झाड़ियों में आरोपी ने मासूम के साथ दरिंदगी की और पकड़े जाने व घरवालों को सच्चाई पता चलने के डर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया था।
गौरतलब है कि 13 नवंबर को बच्ची के लापता होने पर परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना लोनार में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अशोक कुमार मीणा के निर्देशन और एएसपी पश्चिमी अखिलेश सिंह व सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव के नेतृत्व में पुलिस, एसओजी, सर्विलांस व डॉग स्क्वायड की टीमों को लगाया गया था। 15 नवंबर को बाग से शव बरामद होने और फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर चचेरे चाचा को दबोच लिया, जिसने कड़ाई से पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।






