परिवार परामर्श केंद्र में 28 मामलों की सुनवाई, समझौते के बाद दो दंपतियों की हुई विदाई।

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 28 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। आपसी बातचीत और समझाइश के बाद दो दंपतियों के बीच समझौता कराया गया, जिसके पश्चात दोनों दंपतियों को सकुशल साथ रहने के लिए विदा किया गया।
रोजा थाना क्षेत्र के दंपति में बनी सहमति
रोजा थाना क्षेत्र के एक दंपति का विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व हुआ था। दंपति के चार बेटे हैं। पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी मायके चली गई थी। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को बुलाकर आमने-सामने बातचीत कराई गई। पति ने बताया कि बच्चों को लेकर पत्नी और उसकी मां के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई। पति ने पत्नी के साथ रहने की इच्छा जताई।
वहीं पत्नी ने आरोप लगाया कि पति उसकी बात नहीं मानते और अपनी मां के कहने पर उसके साथ मारपीट करते हैं। पत्नी ने भी पति द्वारा ठीक से रखने पर साथ रहने की इच्छा व्यक्त की। दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद उन्होंने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद दोनों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।
कांट थाना क्षेत्र के दंपति का भी हुआ समझौता
कांट थाना क्षेत्र के एक अन्य दंपति का विवाह करीब तीन वर्ष पूर्व हुआ था। पत्नी पिछले चार माह से मायके में रह रही थी। परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की आपसी बातचीत कराई गई। पति ने बताया कि पत्नी उसके साथ विवाद करती है और वह ब्यूटी पार्लर का कोर्स करना चाहती है। पति ने पत्नी को कोर्स कराने पर सहमति जताते हुए उसकी फटी हुई मार्कशीट दोबारा निकलवाने और उसकी बात मानने की बात कही।
वहीं पत्नी ने पति पर विवाद करने और उसके जेवर अपने पास रखने का आरोप लगाया। उसने यह भी कहा कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे परेशान किया जाता है और वह परिवार में सम्मानपूर्वक रहना चाहती है। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता कराया गया और दंपति को सकुशल साथ रहने के लिए विदा कर दिया गया।
इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, परामर्शदाता श्रीमती शशि प्रभा कौशल, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता, महिला आरक्षी निशा, रश्मि चौधरी, नेहा चौहान, मौनिका कुमारी, पिंकी, शीतल चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






