तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता के जयकारे, 30 महिला और 400 पुरुष होमगार्ड जवान हुए शामिल।

शाहजहांपुर, 14 अगस्त। वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत शुक्रवार को जनपद शाहजहांपुर में जिला कमांडेंट होमगार्ड लाल साहब यादव के नेतृत्व में होमगार्ड विभाग द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश तिवारी, कारागार अधीक्षक जनपद शाहजहांपुर समेत अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। मंत्री ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ तिरंगा यात्रा जीआईसी तिराहे से प्रारंभ होकर सुदामा चौराहा, खिरनी बाग, बहादुरगंज होते हुए नगर निगम टाउन हॉल के पास स्थित शहीद अशफाक उल्ला खां, शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल, शहीद ठा. रोशन सिंह एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रेम कृष्ण खन्ना की प्रतिमाओं तक पहुंची। यहां अतिथियों एवं अधिकारियों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद यात्रा शहीद उद्यान टाउन हॉल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में 30 महिला होमगार्ड तथा 400 पुरुष होमगार्ड जवानों सहित जनपद के सभी वैतनिक एवं अवैतनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। यात्रा के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा देश के प्रति कर्तव्य और समर्पण का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान होमगार्ड जवानों का उत्साह और अनुशासन विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम ने शहर में देशभक्ति का माहौल पैदा कर दिया और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।






