
भीषण गर्मी में बिजली संकट से तड़प रही जनता, गदागंज क्षेत्र में बदहाल हुई व्यवस्था
रायबरेली। जिले के गदागंज पावर हाउस क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। हालात ऐसे हैं कि क्षेत्रवासियों को 24 घंटे में मुश्किल से 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली कटौती का कोई निर्धारित समय नहीं है। दिन हो या रात, कभी भी घंटों तक बिजली गुल हो जाती है। लगातार हो रही कटौती से घरों में लगे पंखे, कूलर और पानी की मोटर बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को गर्मी और पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। रातभर बिजली न रहने से लोग जागकर रात काटने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।










