
भीषण गर्मी में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, विद्युत व्यवस्था ध्वस्त होने पर अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव
लालगंज। क्षेत्र में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था और अघोषित कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड लालगंज कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बीच धरने पर बैठे ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में कई दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित चल रही है। घंटों कटौती होने से लोगों को पेयजल, खेती और दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण उमस और गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं की स्थिति खराब हो गई है, लेकिन विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो जर्जर लाइनें बदली गईं और न ही ट्रिपिंग की समस्या दूर हुई। इससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान कराने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।










