
हाई टेंशन लाइन की चपेट में आया भूसी लदा ट्रक, धू-धू कर जला — बड़ा हादसा टला
रायबरेली। गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के नगदिलपुर गांव के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भूसी से लदा एक ट्रक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक नगदिलपुर गांव के पास से गुजर रहा था, तभी ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चिंगारी ट्रक में रखी भूसी पर गिर गई। भूसी अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना के दौरान चालक और क्लीनर ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।










