
CRS NEWS रायबरेली. : शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बैंती गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे, इसी दौरान बदमाश कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और अलमारी में रखे करीब 4.25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बैंती निवासी विष्णु कुमार वाजपेयी बुधवार रात अपने परिवार के साथ कूलर लगाकर घर के आंगन में सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अलमारी और उसके लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, सवा लाख रुपये की नकदी, बैग तथा महत्वपूर्ण अभिलेख चोरी कर लिए।
गुरुवार भोर करीब साढ़े चार बजे गृह स्वामी की नींद खुली तो उन्होंने आंगन की लाइट जलाई। इस दौरान कमरे का ताला गायब देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। जब वह पत्नी के साथ कमरे के अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा मिला। जांच करने पर जेवरात, नकदी और अन्य सामान गायब मिला।पीड़ित विष्णु कुमार वाजपेयी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।









