विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कार हेतु 15 जुलाई तक मांगे गए आवेदन।

शाहजहांपुर। विश्व दिव्यांग दिवस (03 दिसंबर) के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि दिव्यांगजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारी, स्वरोजगाररत दिव्यांगजन, सेवायोजक, प्लेसमेंट अधिकारी, स्वयंसेवी संगठन तथा अन्य पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से 15 जुलाई 2026 तक प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी एवं संस्थाएं अपने आवेदन कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, शाहजहांपुर के कक्ष संख्या-104 में निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।
राज्य स्तरीय पुरस्कार नियमावली-2017 के तहत विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इनमें उत्कृष्ट दिव्यांग कर्मचारी एवं स्वरोजगाररत दिव्यांगजन, सर्वश्रेष्ठ नियोजक, उत्कृष्ट प्लेसमेंट अधिकारी या एजेंसी, दिव्यांगजन के हित में कार्यरत व्यक्ति एवं संस्था, प्रेरणा स्रोत, नवाचार एवं अनुसंधान, बाधारहित वातावरण निर्माण, पुनर्वास सेवाएं, सृजनशील दिव्यांग व्यक्ति, उत्कृष्ट बालक-बालिका, उत्कृष्ट ब्रेल प्रेस, दिव्यांगजन के लिए अनुकूल वेबसाइट तथा दिव्यांगजन के सशक्तीकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी सहित कुल 12 श्रेणियां शामिल हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों, संस्थाओं एवं सेवायोजकों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर राज्य स्तरीय पुरस्कार योजना का लाभ उठाने की अपील की है।











