
CRS NEWS ऊँचाहार रायबरेली: छिपिया निवासी कृष्ण कुमार तिवारी ने ग्राम प्रधान के पुत्रों पर सरकारी जमीन अपने चहेतों को देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से की गई है।
कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया कि ग्राम पंचायत के बरगदहा गांव में एक सरकारी भूमि राजस्व अभिलेखों में घूर के गड्ढे के रूप में दर्ज है। उनका कहना है कि इस भूमि का उपयोग वर्षों से गांव का एक परिवार घूरा लगाने के लिए करता आ रहा था। आरोप है कि ग्राम प्रधान के पुत्रों ने उक्त सरकारी भूमि का आवंटन अपने चहेते लोगों को कर दिया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सरकारी भूमि के आवंटन में नियमों की अनदेखी की गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
कृष्ण कुमार तिवारी का कहना है कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के अधिकार प्रभावित होंगे।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत मिलने के बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











