परिवार परामर्श केंद्र में दो दंपतियों का हुआ समझौता।

शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस लाइन में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। केंद्र में 28 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें आपसी समझाइश के बाद दो दंपतियों के बीच समझौता कराकर उन्हें साथ विदा किया गया।
थाना पुवायां क्षेत्र के करीब चार वर्ष पूर्व विवाहित दंपति के मामले में पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने और बेटी व उसका खर्च न देने का आरोप लगाया। पत्नी ने पति के शराब छोड़ने और मारपीट न करने पर साथ रहने की इच्छा जताई। पति ने शराब न पीने, मारपीट न करने और पत्नी-बेटी का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया।
वहीं थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के करीब चार माह पूर्व विवाहित दंपति के मामले में पत्नी ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया। पत्नी करीब 15 दिनों से मायके में रह रही थी। बातचीत के दौरान पति ने मारपीट न करने और पत्नी को अपने साथ गुड़गांव ले जाकर रखने का आश्वासन दिया। दोनों पक्षों की सहमति के बाद समझौता हो गया।
परिवार परामर्श केंद्र से दोनों दंपतियों को सकुशल साथ विदा किया गया। इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव समेत महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।







