
हरदोई अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस ने तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ननकगंज झाले पर पुलिस टीम मुस्तैदी से चेकिंग कर रही थी, तभी लखनऊ रोड की तरफ से एक महिला और दो पुरुष पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर तीनों ने अचानक रास्ता बदल लिया। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर जामा तलाशी ली तो उनके कब्जे से 3 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरविन्द पुत्र महेश निवासी ओमनगर, उसकी पत्नी जूली और रोहित पुत्र राजकुमार निवासी दौलतियारपुर, थाना माधौगंज के रूप में की है। पुलिस के अनुसार अरविन्द और जूली पति-पत्नी हैं। तीनों के खिलाफ कोतवाली देहात में मु.अ.सं. 450/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अरविन्द के खिलाफ कोतवाली देहात और सुरसा थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जूली और रोहित के खिलाफ भी पूर्व में मामले दर्ज रहे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राहुल शर्मा, अखिल कुमार, महिला उपनिरीक्षक डोली शर्मा, कांस्टेबल गौरव कुमार, अनुज प्रताप और आशीष विश्वकर्मा शामिल रहे।






