बारिश से फसल क्षति का 24 घंटे में सर्वे कराने के जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर जनपद के अधिकारियों को निर्देश दिए
।
ताकि सर्वे के तत्काल बाद, किसानों को मुआवजा मिल सके।
शाहजहांपुर, 26 सितंबर। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगले 24 घंटे के भीतर सभी लेखपालों के माध्यम से प्रभावित किसानों की फसलों में हुई क्षति का सर्वे पूरा कराकर उसका विवरण पोर्टल पर फीड किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे की प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाने के लिए तेजी से कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कहा कि फसल क्षति का सर्वे पूरा होने और विवरण पोर्टल पर दर्ज किए जाने के तत्काल बाद पात्र किसानों को शासनादेश के अनुसार फसल क्षति का मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन और प्रशासन किसानों को बारिश से हुई क्षति की भरपाई के लिए पूरी तरह तत्पर है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित किसानों को समयबद्ध तरीके से राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।






