सूचना विभाग में गांधी एवं शास्त्री जयंती पर गूंजा सत्य, अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश।


लखनऊ, 02 अक्टूबर। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के मुख्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। सूचना निदेशक श्री विशाल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अपर निदेशक श्री अरविन्द कुमार मिश्र ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का सस्वर पाठ किया गया। इस अवसर पर अपर निदेशक श्री अरविन्द कुमार मिश्र ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग और सादगी का प्रतीक है। सत्याग्रह के माध्यम से उन्होंने शांतिपूर्ण संघर्ष का मार्ग दुनिया को दिखाया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर देश का नेतृत्व किया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करता है।
श्री मिश्र ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन इसलिए भी विशेष है कि इसी दिन दो ऐसी महान विभूतियों का जन्म हुआ, जिन्होंने भारत के इतिहास को नई दिशा दी। दोनों महापुरुषों ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सत्ता सेवा का माध्यम है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गांधी जी के सत्य और अहिंसा तथा शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को अपनी कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सूचना विभाग सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है। ऐसे में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रप्रथम की भावना को दैनिक जीवन में अपनाना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, उपनिदेशक अनुराग प्रसाद, आत्रेय मिश्रा, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, चन्द्र मोहन, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, सी.एल. सिंह, प्रभात श्रीवास्तव, अमित कुमार यादव, निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





