न्यायिक कर्मचारियों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, अधिकारों के लिए बुलंद की आवाज।
शाहजहांपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद न्यायालय शाहजहांपुर की जिला शाखा के न्यायिक कर्मचारियों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से प्रदेश के जनपदों में कार्यरत न्यायिक कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण और उनके अधिकारों की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का संदेश दिया गया।
बताया गया कि यह आयोजन न्यायिक कर्मचारियों के देशव्यापी आंदोलन के तृतीय चरण के तहत किया गया। इससे पूर्व आंदोलन के प्रथम और द्वितीय चरण में भी कर्मचारियों ने सहभागिता की थी। तृतीय चरण में शाहजहांपुर के न्यायिक कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज बुलंद की।
तिरंगा यात्रा में न्यायिक कर्मचारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। इस दौरान महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को आत्मसात करते हुए शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया। यात्रा में लेखा लिपिक अनिल कुमार एवं आशुतोष चतुर्वेदी सहित अन्य कर्मचारी अग्रिम पंक्ति में रहे।
इस अवसर पर अनिल कुमार और आशुतोष चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से कहा कि शाहजहांपुर के न्यायिक कर्मचारियों ने आंदोलन के तृतीय चरण में भी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा कर्मचारियों के आत्मसम्मान और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सामने रखने का माध्यम है। उन्होंने समस्याओं के समाधान तक शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखने की बात कही।






