कांशीराम साहब के परिनिर्वाण दिवस पर आजाद समाज पार्टी ने लिया सामाजिक परिवर्तन का संकल्प।

बहुजन समाज को जागरूक करने और सामाजिक समानता स्थापित करने पर दिया जोर।
शाहजहांपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब के परिनिर्वाण दिवस पर चिनौर स्थित शील ग्रुप एंड कंस्ट्रक्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक परिवर्तन के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार एडवोकेट ने की, जबकि संचालन रविंद्र बौद्ध ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में ब्रह्मस्वरूप सागर और बरेली मंडल प्रभारी महेश सागर मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में फर्रुखाबाद की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवानी कटियार ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम साहब के विचार आज भी सामाजिक न्याय, समानता और बहुजन समाज के उत्थान के लिए प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। वक्ताओं ने महापुरुषों के अधूरे सपनों को साकार करने तथा सामाजिक समानता स्थापित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक परिवर्तन के आंदोलन को मजबूत करने तथा बहुजन समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वयं प्रकाश कौशल एडवोकेट, सुरेश वर्मा, हरिराम वर्मा, पुरुषोत्तम सिंह, श्रीराम नेताजी, चेतराम कुशवाहा, राना सिंह, राजेंद्र सागर, रीतराम कनौजिया और अजीत वाल्मीकि सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






