तिलहर नवीन मंडी में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, दो जेसीबी से हटाए गए बांस के टट्टर।

आवारा पशुओं से सब्जियों की सुरक्षा के लिए व्यापारियों ने लगाए थे टट्टर, अधिकारियों ने 24 घंटे में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया आश्वासन।
तिलहर/शाहजहांपुर। तिलहर की नवीन मंडी में थोक सब्जी विक्रेताओं द्वारा आवारा पशुओं से सब्जियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए बांस के टट्टरों को प्रशासन ने अतिक्रमण मानते हुए बुलडोजर चलाकर हटवा दिया। मंडी सचिव शिवेन्द्र प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर शगुन गुप्ता के नेतृत्व में दो जेसीबी मशीनों की मदद से कार्रवाई की गई। इस दौरान मंडी परिसर में लगाए गए सभी टट्टर तोड़कर हटा दिए गए।
बताया जाता है कि नवीन मंडी में आवारा पशुओं का जमावड़ा सब्जी व्यापारियों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। पशुओं से सब्जियों को बचाने के लिए व्यापारियों ने बांस के टट्टर लगाकर सुरक्षा का इंतजाम किया था। हालांकि, अधिकारियों की कार्रवाई में इन टट्टरों को हटा दिया गया, जिससे व्यापारियों के सामने एक बार फिर अपनी सब्जियों को सुरक्षित रखने की चुनौती खड़ी हो गई है।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सब्जी व्यापारियों को आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर आवारा पशुओं से उनकी सब्जियों की सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अब व्यापारियों को इंतजार है कि अधिकारियों का यह आश्वासन धरातल पर कितनी जल्दी उतरता है।
गौरतलब है कि तिलहर की नवीन मंडी में गल्ले और सब्जी का कारोबार संयुक्त रूप से संचालित होता है। ऐसे में मंडी परिसर में आवारा पशुओं की लगातार मौजूदगी व्यापारियों के साथ-साथ मंडी की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े करती है।
अब सवाल यह है कि क्या 24 घंटे के भीतर नवीन मंडी को आवारा पशुओं की समस्या से निजात मिल पाएगी? बांस के टट्टर हटाने की कार्रवाई के बाद व्यापारियों को सुरक्षा का इंतजार है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी अपने वादे को कितनी गंभीरता से निभाते हैं और मंडी परिसर में आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान निकल पाता है या नहीं।






