प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मौजमपुर विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, 11 बच्चे सम्मानित।

शाहजहाँपुर, 17 नवंबर। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विकासखंड ददरौल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मौजमपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रसोईघर, मध्याह्न भोजन, शौचालय एवं विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से विज्ञान एवं हिंदी विषय के सवाल पूछे और उनकी शैक्षिक गुणवत्ता परखी।
मंत्री ने बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बैठने के लिए अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। एक छात्रा के हाथ में पटाखे से चोट लगने की जानकारी पर उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजकर उपचार कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित इको क्लब फॉर मिशन लाइफ की गतिविधियों की सराहना की। पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत, पौधरोपण एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाली गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने इको क्लब की नोडल शिक्षिका अर्चना देवी के प्रयासों की विशेष प्रशंसा की।
इस अवसर पर विधायक हरिप्रकाश वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी विनय मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






