मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 21 और 22 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष अभियान।
युवाओं और महिलाओं सहित छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने पर जोर, डीएम ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण।
शाहजहांपुर। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता बनने का मौका देने के लिए जिले में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं। 21 और 22 नवंबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। अभियान के दौरान विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और अब तक पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक के साथ तिलहर विधानसभा क्षेत्र के एलबीजेपी इंटर कॉलेज और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तथा सदर विधानसभा क्षेत्र के सदर तहसील और जीएल कनौजिया विद्यालय स्थित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची का अवलोकन कर बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए पात्र नागरिकों से फॉर्म-6 भरवाकर नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाए। वहीं, डुप्लीकेट एवं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए संबंधित परिवारों से फॉर्म-7 भरवाया जाए। मतदाता सूची में किसी भी प्रविष्टि के संशोधन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदेय स्थलों पर विधानसभा निर्वाचन संबंधी आवश्यक विवरण की वॉल पेंटिंग कराने के भी निर्देश दिए, ताकि मतदाताओं को जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर 2026 को सभी मतदेय स्थलों पर अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि 17 नवंबर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम सूची में नहीं है तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भरें। मतदाता सूची में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन करें।






