मिशन-2027: PDA के दम पर सत्ता में वापसी की तैयारी में समाजवादी पार्टी, जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ ने बढ़ाई सियासी हलचल।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने मिशन-2027 के लक्ष्य के साथ सत्ता में वापसी की तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावनाओं और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के सामाजिक समीकरणों के सहारे सपा प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर अपना दबदबा कायम करने की रणनीति पर आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।
समाजवादी पार्टी की ओर से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित की जा रही जनसभाओं का स्वरूप अब पहले के मुकाबले काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। छोटी जनसभाओं से आगे बढ़कर कार्यक्रम अब महासभाओं का रूप लेते दिखाई दे रहे हैं। सबसे अधिक चर्चा इन सभाओं में जुट रही भीड़ को लेकर हो रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में समाजवादी पार्टी की कई जनसभाओं में खाली कुर्सियां राजनीतिक चर्चाओं का विषय बनती रही थीं, लेकिन अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है। हालात ऐसे देखने को मिल रहे हैं कि कार्यक्रम शुरू होने के बाद भीड़ बढ़ने पर आयोजकों को अतिरिक्त कुर्सियों का इंतजाम करना पड़ रहा है। यह नजारा पार्टी के भीतर नए उत्साह और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का संकेत माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों की नजर में यह बदलाव समाजवादी पार्टी के लिए उत्साह बढ़ाने वाला हो सकता है। हालांकि, जनसभाओं में उमड़ती भीड़ को सीधे चुनावी नतीजों का पैमाना नहीं माना जा सकता, लेकिन इससे पार्टी के संगठनात्मक प्रयासों और राजनीतिक सक्रियता को जरूर बल मिलता दिखाई दे रहा है।
तिलहर नगर के ब्लॉक रोड स्थित स्टार प्लाजा हाल में 19 नवंबर को हुई समाजवादी पार्टी की PDA जनसभा में जहां स्थानीय समाजवादियों की भारी भीड़ देखने को मिली तो वही मंच पर जिला स्तर सहित प्रदेश स्तर के वरिष्ठ समाजवादी पदाधिकारी और नेताओं की मौजूदगी, आने वाले विधान सभा चुनाव में हलचल मचाने के लिए काफी हो सकती है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जनसभाओं में उमड़ता यह जनसैलाब केवल मौजूदा राजनीतिक माहौल की लहर है या फिर उत्तर प्रदेश में किसी बड़े सियासी बदलाव की आहट?
फिलहाल इतना तय है कि मिशन-2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं और प्रदेश की सियासत में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश में जुट गई है।






