माय भारत पोर्टल पर युवा मंडल गठन एवं पंजीकरण की दी जानकारी।
शाहजहाँपुर। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र, शाहजहाँपुर में आयोजित छह दिवसीय राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन माय भारत पोर्टल पर युवा मंडल गठन एवं पंजीकरण की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में हाथरस, अमरोहा, लखीमपुर खीरी एवं संभल के चयनित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। मुख्य प्रशिक्षक एवं लखीमपुर खीरी के जिला युवा अधिकारी श्री संकल्प शुक्ला ने पोर्टल पर युवा मंडल गठन, सदस्य पंजीकरण तथा सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी गतिविधियों के संचालन की प्रक्रिया समझाई।
उन्होंने स्वयंसेवकों से अपने जनपदों में अधिकाधिक युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं जनजागरूकता अभियान जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवा मंडलों को सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
मेरा युवा भारत, शाहजहाँपुर के उप निदेशक श्री माहे आलम ने कहा कि राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक युवाओं और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्हें युवाओं में नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
कार्यक्रम में श्री देवेश कुमार, प्रशिक्षक श्री सुरेश चंद आर्य, डॉ. नव्या सिंह एवं श्री विकास पराशर सहित अन्य उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयंसेवकों की नेतृत्व क्षमता, संगठनात्मक कौशल एवं सामाजिक सहभागिता को विकसित करना है।






