
CRS NEWS नई दिल्ली: AAP के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने एक वीडियो संदेश जारी कर दिल्ली में भाजपा (BJP) और मीडिया के गठजोड़ पर तीखा हमला बोला है। संजय सिंह ने मौजूदा रेखा गुप्ता सरकार पर स्वास्थ्य विभाग में ₹650 करोड़ के बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस भ्रष्टाचार पर मुख्यधारा का मीडिया पूरी तरह खामोश है।
ज़रूरत से 30 गुना ज्यादा और महंगे दामों पर खरीदे गए उपकरण
संजय सिंह ने वीडियो में आरोप लगाया कि मात्र 16-17 महीने पुरानी रेखा गुप्ता की सरकार में स्वास्थ्य विभाग के भीतर व्यापक स्तर पर धांधली हुई है। उन्होंने कहा:
> “अस्पतालों के लिए एक्सरे मशीनें, बेडशीट और स्वास्थ्य विभाग में इस्तेमाल होने वाले तमाम उपकरण वास्तविक कीमतों से 10 से 20 गुना अधिक दामों पर खरीदे गए हैं। इतना ही नहीं, जितनी जरूरत थी, उससे 10, 20 और 30 गुना ज्यादा सामान की खरीदारी की गई है। यह सीधे तौर पर करीब ₹650 करोड़ का घोटाला है।”
‘गजनी मोड’ में है गोदी मीडिया: संजय सिंह’
संजय सिंह ने मुख्यधारा के मीडिया चैनलों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब तथाकथित ‘शराब घोटाले’ को लेकर मीडिया दिन-रात झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाकर पार्टी को बदनाम कर रहा था, जबकि बाद में न्यायालय ने भी सभी को निर्दोष बताते हुए मुकदमों को झूठा करार दिया।
सिंह ने तंज कसते हुए कहा, “आज जब भाजपा का ₹650 करोड़ का भ्रष्टाचार सामने आया है, तो पूरा का पूरा गोदी मीडिया ‘गजनी मोड’ में चला गया है। कोई भी टीवी चैनल इस पर डिबेट करने को तैयार नहीं है।”
जनता से सोशल मीडिया पर सच फैलाने की अपील
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और मीडिया आपस में ‘चोली-दामन’ की तरह मिलकर आम आदमी पार्टी को बदनाम करने की साजिश रचते हैं। उन्होंने जनता और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस घोटाले के तथ्यों और प्रमाणों को वीडियो व पर्चों के माध्यम से खुद लोगों तक पहुँचाएं, ताकि रेखा गुप्ता सरकार के इस कथित भ्रष्टाचार का पर्दाफाश हो सके।










