
CRS News: Agra News– उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जो फिल्मी स्टाइल से कम नहीं है। इस घटना ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। जो महिला पिछले 45 दिनों से अपने पति के लापता होने का रोना रो रही थी, असल में वही उसकी कातिल निकली।
आपको बताते चलें कि पूरा मामला सिकंदरा इलाके की रेणुका धाम कॉलोनी का है, जहां 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या कर उसकी पत्नी रूबी ने शव को घर के ही बाथरूम में दफना दिया था। अब इस केस में उस राजमिस्त्री का सनसनीखेज बयान सामने आया है, जिसने अनजाने में उसी लाश के ऊपर सीमेंट का फर्श तैयार किया था।
राजमिस्त्री ने क्या बताया?
इस खौफनाक हत्याकांड में अब नया मोड़ आ गया है। जिस बाथरूम में शव दफनाया गया था, उसका फर्श बनाने वाले राजमिस्त्री रवि कुमार ने मीडिया में बयान देते हुए बताया कि उसकी रूबी से कोई पुरानी जान-पहचान नहीं थी। पड़ोस में काम करने के दौरान रूबी ने उससे संपर्क किया था।
रवि के मुताबिक, जब वह काम करने पहुंचा तो उसने देखा कि आरोपी रूबी खुद ही बाथरूम के भीतर मलबा भर रही थी। रवि ने उसे मजदूर लगाने की सलाह दी, लेकिन रूबी ने साफ मना कर दिया और कहा कि वह खुद ही यह काम कर लेगी। इसके बाद रूबी ने रवि को 500 रुपये दिए और निर्माण सामग्री मंगवा ली। रवि और एक मजदूर ने मिलकर पुरानी टॉयलेट सीट के लेवल पर नया फर्श बिछा दिया। राजमिस्त्री को इस बात की भनक तक नहीं लगी कि जिस फर्श को वह पक्का कर रहा है, उसके ठीक नीचे एक इंसान की लाश दबी है।
हत्या की साज़िश कैसे रची गई?
पुलिसिया पूछताछ में रूबी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और हत्या की पूरी खौफनाक कहानी बयां की है। आरोपी पत्नी के मुताबिक, उसने वारदात वाली रात खीर में 15-16 नींद की गोलियां मिलाकर पति सुरेंद्र को खिला दीं। गहरी नींद में जाने के बाद उसने पति को मौत के घाट उतार दिया।
सबूत मिटाने के लिए अगली सुबह उसने चालाकी से अपनी सास और दोनों बेटियों को जेठ के घर भेज दिया। घर खाली होने के बाद वह अकेले ही शव को घसीटकर बाथरूम तक ले गई। वहां खोदे गए गड्ढे में लाश को दफनाया, मिट्टी डालकर सतह बराबर की, और फिर राजमिस्त्री को बुलाकर उसके ऊपर पक्का फर्श बनवा दिया।
ऐसे खुला 45 दिन पुराना राज
सुरेंद्र 18 मई से लापता थे और 26 मई को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रूबी हर किसी को यही कहानी सुनाती रही कि पति बिना बताए कहीं चले गए हैं। लेकिन, सुरेंद्र के बड़े भाई अनिल शर्मा को रूबी के बार-बार बदलते बयानों पर शक होने लगा।
अनिल ने अपने स्तर पर जांच शुरू की और बैंक डिटेल्स खंगाली। जब अनिल ने रूबी से सख्ती से पूछताछ की और भरोसा दिया कि सच बताने पर वह मदद करेंगे, तो रूबी का हौसला टूट गया। उसने परिजनों के सामने कबूल कर लिया कि सुरेंद्र का शव घर के ही बाथरूम के फर्श के नीचे दबा है।
वहीं सच्चाई सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाथरूम का फर्श तुड़वाकर सुरेंद्र का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रूबी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या इस पूर्व नियोजित हत्याकांड में रूबी का कोई और भी मददगार था या नहीं।











