राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को निकली जागरूकता रैली, बच्चों ने दिया न्याय का संदेश।
शाहजहांपुर। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है। उन्होंने रैली के माध्यम से आमजन तक लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने न्यायालयों में लंबित वादों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित करें, ताकि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण न्यायाधीश मोहम्मद रिजवान अहमद, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय नरेन्द्र कुमार-तृतीय, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिव कुमार-तृतीय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति अग्रवाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं एलएडीसीएस के अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाहजहांपुर के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।







