चार सूत्रीय मांगों को लेकर आजाद समाज पार्टी का धरना-प्रदर्शन।
शाहजहांपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के आह्वान पर बुधवार को खिरनी बाग में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार एडवोकेट ने किया। मुख्य अतिथि बरेली मंडल प्रभारी महेश चंद्र सागर रहे।
प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में गोंडा व अयोध्या की घटनाओं तथा बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर कथित हमले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और उनकी सुरक्षा के लिए तत्काल थ्रेट असेसमेंट कराने की मांग की गई।
इसके अलावा लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं के समाधान, 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन तथा सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद, मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों की कानूनी प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष समीक्षा की मांग उठाई गई।
इस दौरान स्वयं प्रकाश कौशल एडवोकेट, अशोक कुमार, श्याम पाल राठौर एडवोकेट, संजेश कुमार, हरिराम वर्मा, चांद बाबू, नईम खां, विजय कुमार एडवोकेट, राजेश कश्यप समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






