
हरदोई उत्तर प्रदेश शासन ने हरदोई के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 61 अभ्यर्थियों की भर्ती, नियुक्ति एवं वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों की जांच के बाद की गई है।
शासनादेश के अनुसार, जिलाधिकारी हरदोई की अध्यक्षता में गठित समिति की जांच में भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी, अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही तथा पेंशन, चयन वेतनमान एवं अन्य वित्तीय मामलों में अनियमितताओं के प्रथम दृष्टया आरोप पाए गए। इसके आधार पर शासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए बीएसए को निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान डॉ. अजीत सिंह को शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच पूरी होने तक नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। शासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि विभागीय जांच के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










