91 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, कटरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता।

शाहजहाँपुर, 2 जुलाई। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कटरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 91 ग्राम स्मैक पाउडर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कटरा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम पृथ्वी उर्फ नगरिया तिराहे से राजू पुत्र मुकन्दीलाल (23 वर्ष), निवासी ग्राम डढोली, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 91 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना कटरा में मुकदमा अपराध संख्या 203/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामू आर्या, कांस्टेबल आशीष कुमार, कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह एवं कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।










